12 जनवरी 2021 - 12:35
ईरान परमाणु समझौते में बाइडन की वापसी को रोकने के लिए इस्राईल की तैयारी

इस्राईल ने ईरान परमाणु समझौते में अमरीका के नए निर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन की वापसी के रास्ते में रोड़े अटकाने शुरू कर दिए हैं।

ज़ायोनी प्रधान मंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने परमाणु समझौते में अमरीका की संभावित वापसी के ख़िलाफ हाई-प्रोफ़ाइल अभियान शुरू किया है।

अमरीका ने 2015 में ओबामा प्रशासन के दौरान परमाणु समझौते पर हस्ताक्षर किए थे, लेकिन 2018 में राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने इससे बाहर निकलने का एलान कर दिया था।

अमरीका के नव निर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन ने अपपनी महत्वपूर्ण विदेश नीति के रूप में कुछ शर्तों के साथ समझौते में वापसी का संकेत दिया था।

इस्राईल और सऊदी अरब ने परमाणु समझौते से निकलने के लिए ट्रम्प प्रशासन पर काफ़ी दबाव बनाया था, इसीलिए नवम्बर में आयोजित हुए राष्ट्रपति चुनाव में ट्रम्प की हार और बाइडन की जीत से वह चिंतित है।

इस्राईली अधिकारियों का मानना है कि क्षेत्र में कोई नया सैन्य टकारव या पर्दे के पीछे से कोई कार्यवाही, बाइडन की विदेश नीति को प्रभावित कर सकती है।

एक इस्राईली अधिकारी ने ब्लूमबर्ग से नाम ज़ाहिर नहीं करने की शर्त पर बताया कि तेल-अवीव जल्द ही वाशिंगटन के लिए अपने कई प्रतिनिधि रवाना करेगा।

इस्राईल पहले ही सार्वजनिक रूप से एलान कर चुका है कि वह नहीं चाहता है कि अमरीका नए समझौते के बिना ईरान पर लगे प्रतिबंधों को हटा ले। इस्राईल की मांग है कि नए समझौते में  ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम और क्षेत्रीय प्रभाव को निशाना बनाया जाना चाहिए।

ईरान पहले ही किसी भी तरह के नए समझौते या नई शर्तों की मांग को ठुकरा चुका है। ईरानी अधिकारियों का कहना है कि अमरीका ने अंतरराष्ट्रीय समझौते का उल्लंघन किया है और उसे बिना किसी शर्त के इस समझौते में वापस लौटना चाहिए।

कुछ अमरीकी सूत्रों का कहना है कि बाइडन प्रशासन समझौते में वापस लौटकर नए सिरे से वार्ता शुरू करने और शर्तों को बढ़ाने की मांग कर सकता है।

ईरान ने अमरीका के साथ वार्ता की संभावना को रद्द करते हुए अमरीका के ग़ैर क़ानूनी प्रतिबंधों के कारण तेल उद्योग को पहुंचने वाले नुक़सान के लिए वाशिंगटन से 70 बिलियन डॉलर मुआवज़ा देने की मांग की है।

मार्च में एक और आम चुनाव का सामना करने वाले इस्राईली प्रधान मंत्री नेतन्याहू, चुनाव प्रचार में अमरीका के परमाणु समझौते से निकलने और कुछ अरब देशों के साथ संबंधों को सामान्य बनाने के समझौतों को अपनी सफल विदेश नीति के तौर पर पेश कर रहे हैं।